समाहरणालय में उपायुक्त का औचक निरीक्षण, उपस्थिति व सफाई व्यवस्था पर सख्त निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, निर्वाचन, नजारत, विधि शाखा, कोर्ट कक्ष, समाज कल्याण, डीआईओ कार्यालय, झारनेट, सामान्य शाखा, गोदाम, यूआईडी सहित कई कार्यालयों का जायजा लिया।

निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्यालयों में अनुशासन, कर्मचारियों की उपस्थिति, साफ-सफाई तथा कार्य संस्कृति को परखना था। उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी की बारीकी से जांच की और अनुपस्थित पाए गए कर्मियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सभी कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिया कि कार्यालयों में स्वच्छता बनाए रखें, पंजी का सही रख-रखाव करें तथा सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखें।

उपायुक्त ने कर्मचारियों की नियमित बायोमीट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने, समयबद्ध तरीके से कार्य निष्पादन करने और कार्यालयी दस्तावेजों को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, परिसर में पड़े अनुपयोगी फर्नीचर व मशीनी उपकरणों को जल्द एकत्रित कर जिला स्तर पर नीलामी कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर में चिन्हित पार्किंग एवं वेटिंग एरिया का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने विभिन्न कार्यों से पहुंचे आम नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस दौरान उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान, नजारत उपसमाहर्ता श्री डेविड बलिहार, डीटीओ श्री धनंजय, विधि शाखा प्रभारी श्री चंद्रजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

