सड़क सुरक्षा पर सख्ती, जागरूकता और नियम पालन के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक समीक्षा की गई और जागरूकता बढ़ाने के साथ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में ओवरस्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने, मॉडिफाइड वाहनों पर कार्रवाई तथा रोड साइनेज की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया।
विगत माह चलाए गए वाहन जांच अभियान में 626 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 135 वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 8.73 लाख रुपये का ऑनलाइन चालान किया गया। साथ ही ओवरस्पीडिंग करने वाले व्यावसायिक वाहनों पर कार्रवाई कर 1.84 लाख रुपये वसूले गए।
बैठक में सभी पेट्रोल पंपों पर “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” नियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। ऐसे मामलों में वाहन जब्त कर अभिभावकों पर कार्रवाई करने को कहा गया।
इसके अलावा हिट एंड रन के 32 लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, ब्लैक स्पॉट को गूगल मैप पर चिन्हित करने और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए ठोस कदम उठाने पर बल दिया गया।

