जामताड़ा में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर, साप्ताहिक रक्तदान शिविर लगाने के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं विभिन्न संस्थाओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए पाया गया कि जिले में संचालित एकमात्र ब्लड बैंक में रक्त की कमी के कारण मरीजों को अक्सर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, विशेषकर थैलेसीमिया पीड़ित एवं आपात स्थिति वाले मरीजों को।
बैठक में भविष्य में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए ठोस रणनीति पर चर्चा की गई। आम लोगों के बीच रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
निर्देश दिया गया कि प्रत्येक सप्ताह जिले के चिन्हित स्थानों जैसे समाहरणालय, प्रखंड कार्यालय, पुलिस लाइन, आईआरबी कैंप और कॉलेजों में नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएं। साथ ही प्रखंड स्तर पर आयोजित शिविरों में जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अधिकाधिक लोगों को जोड़ने की बात कही गई।
स्वास्थ्य विभाग को ब्लड बैंक में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, रक्त संग्रहण एवं वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने तथा विभिन्न रक्त समूहों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही ब्लड सेपरेशन यूनिट स्थापित करने पर भी विचार किया गया।

