जामताड़ा में “पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा” 9 अप्रैल से शुरू
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित पेयजल संकट को देखते हुए 9 अप्रैल से 18 अप्रैल 2026 तक “पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा” चलाया जाएगा। इस अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला दंडाधिकारी रवि आनंद की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि जिले के सभी 118 पंचायतों में पेयजल स्रोतों की जांच के लिए 12 विशेष संयुक्त टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में चापाकल, कुआं और जल मीनारों की स्थिति का निरीक्षण करेंगी। खराब पाए गए चापाकलों की मरम्मत 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, पानी की गुणवत्ता जांच के लिए सैंपल भी एकत्र किए जाएंगे।
अभियान के दौरान ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। मरम्मत कार्यों के लिए 15वें वित्त आयोग की निधि का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा, शिकायत दर्ज करने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां लोग दिए गए फोन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और सभी पेयजल स्रोतों की शत-प्रतिशत जांच अनिवार्य होगी।

