जामताड़ा में प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन का जोरदार स्वागत, शोकाकुल परिवार से की मुलाकात
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार जामताड़ा पहुंचे पूर्व सांसद सुनील सोरेन का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत के नेतृत्व में जिला मुख्यालय स्थित टावर चौक पर बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर सुनील सोरेन ने कहा कि जामताड़ा नगर के कार्यकर्ताओं का उत्साह और स्नेह देखकर उन्हें अत्यंत खुशी हुई। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की ऊर्जा संगठन को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। स्वागत कार्यक्रम के बाद वे भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. मुरारी भूषण सिंह के आवास पहुंचे, जहां हाल ही में उनकी पत्नी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने कहा कि सुनील सोरेन के प्रदेश उपाध्यक्ष बनने से पूरे संथाल परगना क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनके जामताड़ा आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने स्वागत और शोक संवेदना कार्यक्रम में भाग लिया।

