नांदेड में 48 घंटे में 5 हत्याएं, सरेराह दौड़ाकर युवक की हत्या से दहशत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
इंद्र यादव
मुंबई/नांदेड: महाराष्ट्र के नांदेड जिले में पिछले 48 घंटों के भीतर हुई पांच हत्याओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा घटना में एक युवक को सरेआम सड़क पर दौड़ाकर धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अपनी जान बचाने के लिए भाग रहा था, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा कर बीच सड़क पर पकड़ लिया और ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के दौरान मौजूद लोग दहशत के कारण हस्तक्षेप नहीं कर सके।
पुलिस के मुताबिक, हालिया हत्याओं के पीछे आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई जैसी वजहें सामने आ रही हैं। लगातार हो रही वारदातों से आम लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग उठ रही है।
पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेने की बात कही है और मामले की जांच जारी है। हालांकि, लगातार हो रही घटनाओं ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या नांदेड में अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म हो चुका है।

