रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
चक्रधरपुर नगर निगम क्षेत्र में लंबे समय से बनी हुई पानी की गंभीर समस्या का आखिरकार समाधान हो गया है, जिससे वार्ड संख्या 7 और वार्ड संख्या 3 के निवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस सफलता के पीछे कांग्रेस नेत्री राखी सलूजा का लगातार प्रयास और जनहित में किया गया संघर्ष अहम साबित हुआ। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर नगर निगम के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके बाद प्रशासन को इस दिशा में ठोस कदम उठाने पड़े। भगत सिंह चौक के समीप नए बोरिंग का उद्घाटन नगर निगम अध्यक्ष सन्नी उरांव द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे और वर्षों से झेल रही पानी की समस्या के समाधान पर प्रसन्नता व्यक्त की। उद्घाटन समारोह के दौरान अध्यक्ष ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी विकास कार्यों को गति दी जाएगी और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं, स्थानीय लोगों ने इस पहल के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह जनहित के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

