राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल : श्री श्री 108 खेलाई चंडी मां बासंती पूजा समिति की ओर से विजयादशमी के अवसर पर मां बासंती की प्रतिमा का विसर्जन पूरे श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया।मा दुर्गा विदाई के मौके पर विधि विधान से मंदिर परिसर में सुहागिन महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला का आयोजन किया, जिसमें एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर मां से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।
‘आबार आसो माँ’ के उद्घोष के बीच महिलाओं ने नम आंखों से मां को विदाई दी
कॉलेज स्थित मंदिर परिसर से गाजे-बाजे के साथ भव्य विसर्जन जुलूस निकाला गया। जुलूस में सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए और ‘जय मा दुर्गा ’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। विसर्जन जुलूस में बज रहे भक्ति संगीत की धुन पर महिलाएं झूमते-नाचते आगे बढ़ रही थीं।
यह जुलूस चांडिल बस स्टैंड,चौक बाजार होते हुए तांती बांध पहुंचा, जहां विधि-विधान के साथ मां बासंती की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। विसर्जन के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में बासंती पूजा समिति के राजू दा, रिंकू दा, योगेश जैसवाल, रवि दास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।

