राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में चैती छठ के पावन अवसर पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जहां दर्जनों छठव्रतियों ने मंदिर परिसर के तालाब में खड़े होकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर विश्व कल्याण की मंगलकामना की। पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और दोनों दिनों तक छठ गीतों की मधुर गूंज वातावरण को भक्तिमय बनाए रखी। व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। इस आयोजन का संचालन श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर जीर्णोद्धार समिति के संयोजक एवं जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की देखरेख में हुआ। प्रथम अर्घ्य के दिन स्वयं विधायक सरयू राय मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने छठव्रतियों और उनके परिजनों से आत्मीय संवाद कर सेवा कार्य में लगे लोगों का उत्साहवर्धन किया। मंगलवार को व्रतियों के साथ आए श्रद्धालुओं के लिए चाय और कॉफी की व्यवस्था की गई, वहीं बुधवार सुबह दूसरे अर्घ्य के बाद सभी उपस्थित लोगों के लिए निःशुल्क चाय, कॉफी और गरमा-गरम पकौड़ी का वितरण किया गया। इस सराहनीय पहल की छठव्रतियों और उनके परिजनों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की। आयोजन को सफल बनाने में साकेत गौतम, असीम पाठक, गोल्डन पांडेय, अशोक कुमार, राकेश उज्जैन और अभय सिंह सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

