राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा: यूसीआईएल आवासीय कॉलोनी स्थित परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय की मुख्य सड़क पर शाम के समय बैरियर लगाए जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल बंद रहने के बावजूद भी रास्ता रोका जा रहा है, जिससे आवाजाही प्रभावित हो रही है।
ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों के अनुसार, यह बैरियर उच्च अधिकारियों के निर्देश पर लगाया गया है। कॉलोनी के मार्केटिंग सेंटर से सी-टाइप एस्टेट ऑफिस जाने वाले लोगों को बंगला नंबर E1 चौक के पास बैरियर का सामना करना पड़ता है, जहां गार्ड बैरियर खोलने से मना कर देते हैं।
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि यदि सुरक्षा कारणों से बैरियर लगाया गया है, तो सभी दिशाओं में समान व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने इस व्यवस्था को अव्यवहारिक बताते हुए इसे हटाने या पुनर्विचार करने की मांग की है।

