रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित आईआईटी मोड़ और उत्कल मोड़ के समीप मंगलवार सुबह करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। अर्का जैन यूनिवर्सिटी की बस (संख्या JH05DG-9253) ने तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना में बाइक सवार शेख मोहम्मद नसीम, जो ड्यूटी पर जा रहे थे, बस की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गए। नसीम के अनुसार, पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी, जिससे उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उन्हें गंभीर चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस की गति अत्यधिक तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

जांच में यह भी सामने आया कि बस ने नसीम को टक्कर मारने से पहले सड़क पार कर रहे करीब 50 वर्षीय एक बुजुर्ग व्यक्ति को भी अपनी चपेट में लिया था। इस टक्कर में बुजुर्ग के सिर में गहरी चोट आई है और उनकी आंखें भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई हैं। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की तत्परता से तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बस को घेर लिया और चालक को पकड़कर आदित्यपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बस को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि यूनिवर्सिटी बसें अक्सर रिहायशी क्षेत्रों में तेज और लापरवाही से चलाई जाती हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए, रिहायशी इलाकों में सख्त गति सीमा तय की जाए और सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय तत्काल लागू किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

