रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
छठ एवं रामनवमी जैसे आस्था और श्रद्धा के महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा आदित्यपुर, गम्हरिया एवं आरआईटी थाना क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ संबंधित थानों में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरतने, भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा गश्ती व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने स्वयं विभिन्न छठ घाटों का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और आपातकालीन सहायता की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि यह पावन अवसर उल्लास और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
