रामगढ़ गोला अंचल कार्यालय में उपायुक्त का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर एक कर्मी के निलंबन और सभी अधिकारियों-कर्मियों का वेतन रोकने के निर्देश।।
राष्ट्र संवाद संवादाता
रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज ने गोला अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कई मामलों में लापरवाही और कार्यों की धीमी प्रगति मिलने पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने एक कर्मी को निलंबित करने का निर्देश दिया, वहीं अंचल अधिकारी सहित कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मियों का वेतन अगले आदेश तक रोकने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
उपायुक्त ने स्थापना शाखा के अभिलेखों को अद्यतन करने, पंजी-2 का नियमानुसार संधारण एवं शीघ्र डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राजस्व वसूली की धीमी गति पर भी असंतोष जताते हुए विशेष अभियान चलाकर राजस्व संग्रह बढ़ाने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा।
दाखिल-खारिज, वन अधिकार अधिनियम, आपदा राहत, मिटा पोर्टल तथा जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्रों के लंबित आवेदनों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को सरकारी सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अंचल कार्यालय के कर्मी उपस्थित रहे।

