राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा में श्री श्री सार्वजनिक बसंती पूजा कमेटी (यूसिल डैम) के सदस्यों ने थाना प्रभारी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए विरोध जताया है। कमेटी ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा उनके पूजा पंडाल को तोड़ दिया गया और थाना में बुलाकर अभद्र व्यवहार किया गया।
कमेटी के संरक्षक दिवाकर पात्रों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने महिला सदस्यों के सामने गाली-गलौज की और केस कर जेल भेजने की धमकी दी, जिससे उनके सम्मान को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 से यहां शांतिपूर्ण तरीके से बसंती पूजा का आयोजन होता आ रहा है और इस बार भी अनुमंडल पदाधिकारी से अनुमति ली गई है।
महिला सदस्यों ने भी प्रशासन पर सहयोग न करने और पूजा में बाधा डालने का आरोप लगाया। कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो रामनवमी के दिन थाना के समक्ष धरना दिया जाएगा।
कमेटी के अध्यक्ष शंकर हालदार ने प्रशासन से शांतिपूर्ण पूजा की अनुमति देने की मांग की। पंडाल तोड़े जाने की घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है और आसपास की अन्य पूजा समितियों में भी नाराजगी देखी जा रही है।

