गिरिडीह में बेखौफ बदमाशों का दिनदहाड़े तांडव, पिस्टल के बल पर मछली कारोबारी से ₹2.07 लाख लूटकर हुए फरार
राष्ट्र संवाद संवादाता
मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस के सामने वारदात, दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने रास्ता रोककर छीना रुपयों से भरा बैग; CCTV खंगाल रही पुलिस
गिरिडीह गिरिडीह शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब दिनदहाड़े भी लोग सुरक्षित नहीं हैं। ऐसा ही मामला गुरुवार को शहर के व्यस्त इलाके मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस के सामने हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में मछली कारोबारी आफताब रैन को निशाना बनाया और पिस्टल का भय दिखाकर ₹2 लाख 7 हजार से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, बोडो निवासी आफताब रैन रोज की तरह सुबह करीब 9 बजे मछली मंडी से कारोबार खत्म कर अपने घर लौट रहे थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस के सामने उनका रास्ता रोक लिया।
पीड़ित के मुताबिक, बदमाशों ने पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी और रुपयों से भरा बैग छीन लिया। बैग में दिनभर की बिक्री के करीब ₹2.07 लाख नकद रखे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी पचंबा की ओर तेज रफ्तार से फरार हो गए।
दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक लूट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लूटकांड में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

