गिरिडीह-चित्तरडीह रोड पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर का कहर, स्कूल जा रहे दो छात्र गंभीर घायल; धनबाद रेफर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गिरिडीह: गिरिडीह-चित्तरडीह मुख्य मार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन इस सड़क पर हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। गुरुवार को एक बार फिर इसी मार्ग पर परसाटांड़ के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूल जा रहे बाइक सवार दो छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सुंदरटांड़ निवासी किशोरी राणा (पिता- भोला राणा) और रजपुरा निवासी एक छात्र, जो मोहन दास का नाती बताया जा रहा है, बाइक से राजपुरा स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान परसाटांड़ के समीप तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों छात्र सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाने के साथ आगे की कार्रवाई में जुट गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक के संबंध में भी पुलिस जानकारी एकत्र कर रही है।
इधर, लगातार हो रहे सड़क हादसों से गिरिडीह-चित्तरडीह मार्ग पर लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार भारी वाहनों का परिचालन और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर नियमित वाहन जांच, ओवरस्पीडिंग पर रोक और सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

