जामताड़ा में जनगणना 2027 के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना को लेकर जिले के एसजीएसवाई सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी रवि आनंद ने की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह जनगणना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि पहली बार आंकड़ों का संग्रहण पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। सभी प्रगणकों को मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए डेटा एकत्र करना होगा। उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने का निर्देश दिया।
प्रथम चरण में मकानों की सूचीकरण एवं गणना का कार्य किया जाएगा, जो 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की नीतियों और योजनाओं के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करें।
प्रशिक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को कार्य प्रक्रिया, डेटा संग्रहण और समय-सीमा की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

