जामताड़ा में भू अर्जन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक, मुआवजा भुगतान में तेजी के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में भू अर्जन से संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने की।
बैठक में जिले में संचालित मोर्थ (MoRTH) सहित विभिन्न पथ निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान रूपनारायणपुर से पोखरिया मोड़, बेवा बाईपास, नाला-मोहनबांक, जामताड़ा जेल रोड, नाला अफजलपुर, नारायणपुर तरनी पथ, जुम्मन मोड़, निर्मल महतो, वीरग्राम निरसा तथा कंबाइंड बिल्डिंग सड़क सहित अन्य परियोजनाओं में भू अर्जन की स्थिति, रैयतों की संख्या एवं मुआवजा भुगतान की जानकारी ली गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मोर्थ परियोजनाओं में तेजी लाते हुए सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने रैयतों को मुआवजा भुगतान में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए वाउचर निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी कहा गया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि भू अर्जन से जुड़े मामलों का शीघ्र निष्पादन हो सके। अधिकारियों को लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

