अमर शहीदों के बलिदान को देश भुला नहीं सकता: डाक्टर जटाशंकर पांडे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल प्रखंड के नारायण आईटीआई, लुपुंगडीह में शहीद दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दो मिनट का मौन रखकर की गई, जिसमें शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
मुख्य वक्ता डॉ. जटाशंकर पांडे ने कहा कि देश अमर शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इन क्रांतिकारियों ने अपने साहस और त्याग से स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, कविता और भाषण प्रस्तुत कर वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। अंत में सभी ने शहीदों के आदर्शों को अपनाने और राष्ट्र की एकता-अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एडवोकेट निखिल कुमार, शांति राम महतो, प्रकाश महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

