वोट बैंक की राजनीति के लिए सनातन पर हमला बर्दाश्त नहीं : सांसद बिद्युत बरण महतो
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सनातन आस्था, देवी-देवताओं और हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक परंपराओं को वोट बैंक की राजनीति के लिए बार-बार निशाना बनाना बेहद शर्मनाक, निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। झारखंड में लगातार इस तरह की घटनाएँ यह साफ संकेत दे रही हैं कि कुछ राजनीतिक दल अपनी खिसकती जमीन को बचाने के लिए अब धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने पर उतर आए हैं।
सांसद श्री बिद्युत बरण महतो ने तीखे शब्दों में कहा कि सनातन परंपरा पर प्रहार करने वालों को यह समझ लेना चाहिए कि यह केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आत्मा और पहचान से जुड़ा मुद्दा है। इसे राजनीतिक हथियार बनाकर समाज में जहर घोलने की साजिश किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता की लालसा में कुछ लोग समाज को बांटने, वैमनस्य फैलाने और सांस्कृतिक मूल्यों को कमजोर करने का घृणित प्रयास कर रहे हैं। लेकिन झारखंड और देश की जागरूक जनता अब सब समझ चुकी है और ऐसे तत्वों को करारा जवाब देने के लिए तैयार है।
सांसद श्री महतो ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सनातन, संस्कृति और राष्ट्र की अस्मिता के साथ खिलवाड़ करने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी। समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से उन्हें जवाब दिया जाएगा और उनकी राजनीति को पूरी तरह बेनकाब किया जाएगा।

