साकची में ‘जमशेदपुर हाट-पलाश मार्ट’ का शुभारंभ, स्थानीय उत्पादों को मिला नया बाजार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। साकची में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी द्वारा ‘जमशेदपुर हाट–पलाश मार्ट’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों (SHG) और छोटे उद्यमियों को अपने पारंपरिक व विशिष्ट उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।

जिला प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में दो मंजिला इस मार्ट का निर्माण कराया गया है, जहां कारीगर सीधे ग्राहकों से जुड़ सकेंगे। उपायुक्त ने कहा कि इससे स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलेगा, उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा और कारीगरों की आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि ‘जीवेदोक अभियान’ के तहत महिलाओं और उद्यमियों को एक ही स्थान पर अपने उत्पाद बेचने का अवसर दिया जा रहा है, जिससे स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।
मार्ट के भूतल पर ‘पलाश मार्ट’ में महिला समूहों द्वारा निर्मित हैंडीक्राफ्ट, पाईटकर पेंटिंग, सैनिटरी उत्पाद, तेल, मधु सहित अन्य प्रसंस्कृत खाद्य सामग्री उपलब्ध है। वहीं ‘सेरांग’ सेक्शन में बोड़ाम क्षेत्र के पारंपरिक वाद्य यंत्र जैसे तबला, मांदर, ढोलक, नगाड़ा आदि की बिक्री होगी। प्रथम तल पर ‘दीदी कैफे’ में स्थानीय पारंपरिक एवं पौष्टिक व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकेगा।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, एसडीओ अर्णव मिश्रा, उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय और डीपीएम जेएसएलपीएस सुजीत बारी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

