एमबीएनएस संस्थान में धूमधाम से मनाया गया सरहुल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में बुधवार को आदिवासी पर्व सरहुल हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक सरना पूजा से हुई, जिसमें प्रकृति व साल वृक्ष की पूजा कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पैट्रन राम केवल सिंह और निदेशक अनुपा सिंह मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकगीतों पर नृत्य, नाटक और भक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। नाटक के जरिए आदिवासी जीवनशैली, प्रकृति से जुड़ाव और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि ने सरहुल को सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए परंपराओं को सहेजने की अपील की, वहीं निदेशक ने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी बताया। अंत में उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

