उपायुक्त ने निर्माणाधीन पुलों का किया निरीक्षण, खामियों पर जताई नाराजगी
पुल की खामियों को राष्ट्र संवाद भी दिखाया था प्रमुखता से
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त रवि आनंद ने आज जामताड़ा प्रखंड क्षेत्र में निर्माणाधीन तीन पुलों का भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ अनुमंडल पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। इनमें दो पुल राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) द्वारा तथा एक विशेष प्रमंडल के माध्यम से बनाया जा रहा है।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने पुल निर्माण की गुणवत्ता, प्रगति और सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा की। बुधूडीह स्थित एनएच-419 पर निर्माणाधीन पुल के एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होने के मामले को उन्होंने गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यदि संवेदक द्वारा निर्माण कार्य में अनियमितता पाई जाती है, तो उसे ब्लैकलिस्ट करने की अनुशंसा भी की जाएगी।
अन्य पुलों के निरीक्षण में भी कई तकनीकी कमियां सामने आईं, जिस पर उपायुक्त ने संबंधित अभियंताओं और संवेदकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

