जल अर्पण दिवस पर जल संरक्षण का संदेश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में “जल महोत्सव पखवाड़ा” (08 से 22 मार्च 2026) के अंतर्गत 18 मार्च को नाला प्रखंड के धोबना पंचायत स्थित छोटलिया ग्राम में जिला स्तरीय जल अर्पण दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कास्ता धोबना बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना के जल शोधन संयंत्र में किया गया। इस अवसर पर जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
समारोह के दौरान जल रक्षा सूत्र बांधा गया, जलसहिया को जल जांच किट वितरित की गई तथा जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। स्कूली बच्चों द्वारा जल जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें जल बचाने और उसके संतुलित उपयोग का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि जल अर्पण दिवस का उद्देश्य लोगों को जल स्रोतों के संरक्षण, पानी की बर्बादी रोकने और स्वच्छ पेयजल के महत्व के प्रति जागरूक करना है। जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक सुरक्षित पानी पहुंचाने के लक्ष्य को साकार करने पर जोर दिया गया। साथ ही ग्राम स्तर पर चापाकल, जल मीनार और जलापूर्ति योजनाओं के रख-रखाव की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया।
अंत में जलसहिया को टूल किट एवं सम्मान देकर उनके योगदान की सराहना की गई और सभी को जल संरक्षण के लिए संकल्प दिलाया गया।

