राष्ट्र संवाद संवाददाता
चक्रधरपुर मंडल में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। आरपीएफ उड़नदस्ता दल और आरपीएफ टाटा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक मोबाइल चोर को चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान देवेंद्र सिंह उर्फ गांधी के रूप में हुई है, जो बागबेड़ा का निवासी बताया जा रहा है। आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। देवेंद्र सिंह इससे पहले चोरी और लूट के मामलों में रेल थाना टाटानगर से तीन बार तथा बागबेड़ा थाना से लूट के एक मामले में जेल जा चुका है। आरपीएफ टीम ने आरोपी को आवश्यक पूछताछ के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए संबंधित थाने को सौंप दिया है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि रेलवे परिसरों में चोरी और अपराध की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

