राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल दयावती मोदी पब्लिक स्कूल, उमेश नगर, हुमिद, चांडिल के विद्यार्थियों ने शनिवार को “मोबाइल की लत एवं युवा पीढ़ी पर इसका दुष्प्रभाव” विषय पर जागरूकता फैलाने के लिए नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। यह कार्यक्रम चिलगु टिकर, कुकडू, आदरडीह, रघुनाथपुर व चालियामा सहित विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किया गया।
नाटक के माध्यम से छात्रों ने जागरूकता अभियान आयोजित कर बताया कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग युवाओं की पढ़ाई, स्वास्थ्य और सामाजिक जीवन पर नकारात्मक असर डाल रहा है। मोबाइल के कारण युवा अपने परिवार और समाज से दूर होते जा रहे हैं।
कलाकारों ने अपने अभिनय से संदेश दिया कि मोबाइल का उपयोग केवल आवश्यक और सीमित कार्यों के लिए ही किया जाना चाहिए। कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों ने विद्यार्थियों के अभिनय की सराहना की।
विद्यालय की प्राचार्या संपदा बनर्जी ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
नाटक के अंत में सभी कलाकारों ने लोगों से अपील की कि वे मोबाइल का संतुलित उपयोग करें और अपना समय पढ़ाई, खेलकूद तथा रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं।

