जामताड़ा में ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद ने शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में दोनों विधानसभा क्षेत्रों के ईवीएम कक्ष को खोला गया तथा निरीक्षण के बाद पुनः विधिवत सील कर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, परिसर की साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा और रख-रखाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि चुनाव से जुड़ी सामग्रियों की सुरक्षित और व्यवस्थित निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस की स्थिति की नियमित निगरानी की जाती है। इसके तहत वेयरहाउस परिसर का बाहरी निरीक्षण प्रत्येक माह तथा अंदरूनी निरीक्षण प्रत्येक तीन माह में किया जाता है। निरीक्षण के बाद तैयार की गई जांच रिपोर्ट मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग को भेजी जाती है।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सत्य प्रकाश, अग्निशामक पदाधिकारी सुधीर कुमार सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। उन्होंने निरीक्षण प्रक्रिया का अवलोकन किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

