राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और सांसद विद्युत वरण महतो ने शनिवार को कदमा स्थित तरुण संघ परिसर में नगर विकास विभाग की लगभग 6 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 50 विकास योजनाओं का संयुक्त रूप से शिलान्यास किया। इन योजनाओं में सोनारी, कदमा, बिष्टुपुर और साकची क्षेत्र की विभिन्न आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
इस अवसर पर विधायक सरयू राय ने जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी (जेएनएसी) के कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिस तरीके से जेएनएसी काम करती है, उसके आलोक में उनका अनुभव “तीखा” रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार योजनाओं के कार्य बीच में ही रुक जाते हैं और कुछ मामलों में काम की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं रहती।
उन्होंने बताया कि जेएनएसी में निविदा प्रक्रिया पूरी हो जाती है और ठेकेदारों का चयन भी कर लिया जाता है, लेकिन सुरक्षा एग्रीमेंट लंबे समय तक लंबित रहने के कारण काम शुरू होने में देरी होती है। उन्होंने अधिकारियों से इस प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सरयू राय ने ठेकेदारों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी योजनाओं का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि लोगों को विकास कार्यों का लाभ समय पर मिल सके। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

