राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।न्यू बाराद्वारी स्थित पीएम श्री पीपुल्स अकादमी +2 विद्यालय के प्रांगण में शनिवार को वार्षिक खेलकूद सह एथलेटिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि अंतर्राष्ट्रीय साइकिलिस्ट अवतार सिंह ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत खेल ध्वजारोहण और टॉर्च लाइटिंग के साथ हुई। टॉर्च लाइटिंग का नेतृत्व दिव्यांग श्रेणी में 100 मीटर दौड़ के राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता एवं विद्यालय के छात्र सुप्रियो सरकार ने किया।
इस अवसर पर एनसी डे (अंतर्राष्ट्रीय धावक), आरपी पाण्डेय (अंतर्राष्ट्रीय एथलीट), रेणु सिंह (एशियाई खेल 2025), लीना दत्ता (पावर लिफ्टिंग राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता), केके बिस्वास (राष्ट्रीय हाई जंपर), जे. अरुणमूर्ति (राष्ट्रीय वॉलीबॉल कोच), डॉ. वशीकुर रहमान (अंतर्राष्ट्रीय एथलीट एवं नेटबॉल कोच), श्याम शर्मा (एथलेटिक फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय उद्घोषक) तथा एनआरआई राजदीप सिंह ने उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्षा सोनाली सरकार, प्राचार्य चन्द्रदीप पाण्डेय तथा विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में धन्यवाद ज्ञापन शारीरिक शिक्षक प्रमोद कुमार पाण्डेय ने किया।
प्रतियोगिता के विभिन्न स्पर्धाओं में छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 100 मीटर बालक वर्ग में अरुण गोप प्रथम, दीक्षित कुमार द्वितीय और पवन मुखी तृतीय रहे, जबकि बालिका वर्ग में अनिता सिंह प्रथम, दिव्या भक्ति द्वितीय और संगीता मुर्मू तृतीय स्थान पर रहीं। 200 मीटर बालक वर्ग में आयुष कुमार प्रथम, अमन सिंह द्वितीय और रोहित सिंह तृतीय रहे। बालिका वर्ग में राखी महतो प्रथम, पलक शर्मा द्वितीय तथा रिमशी हांसदा तृतीय स्थान पर रहीं।
वहीं 400 मीटर बालक वर्ग में आयुष कुमार प्रथम, अभिनव द्वितीय और रोहित सिंह तृतीय रहे। बालिका वर्ग में अनिता सिंह ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि रिमशी हांसदा द्वितीय और अंजली तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और खेल भावना का परिचय दिया।

