मत्स्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा : मत्स्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने की।
बैठक के दौरान जिले में मत्स्य विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने जिला मत्स्य पदाधिकारी से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में मत्स्य क्षेत्र के विकास के लिए संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजे जाएं, ताकि मत्स्य पालन को बढ़ावा मिल सके और इससे जुड़े लोगों को अधिक लाभ मिल सके।
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही योग्य एवं अर्हताधारी लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने तथा नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में कहा गया कि मत्स्य पालन को बढ़ावा देने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
इस अवसर पर जिला मत्स्य पदाधिकारी रितु रंजन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

