मनीफिट में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, 50 साल पुरानी कई दुकानें ध्वस्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:जमशेदपुर में अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को बड़ा अभियान चलाया गया। टाटा स्टील यूआईएसएल और जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमिटी (जेएनएसी) के संयुक्त अभियान के तहत टेल्को के मनीफिट इलाके में बुलडोजर चलाकर कई दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया।
बताया गया कि यह मामला लंबे समय से न्यायालय में लंबित था। हाल ही में न्यायालय ने फैसला टाटा स्टील के पक्ष में सुनाया, जिसके बाद प्रशासन की ओर से दुकानदारों को पहले ही नोटिस जारी कर दुकान खाली करने का निर्देश दिया गया था। नोटिस के बावजूद दुकानों को खाली नहीं किया गया, जिसके बाद जिला प्रशासन, टाटा स्टील और संबंधित विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।

अभियान के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध जताते हुए प्रशासन से मोहलत देने की मांग की, लेकिन न्यायालय के आदेश के कारण कार्रवाई जारी रही और एक-एक कर सभी दुकानों को तोड़ दिया गया।
बताया जा रहा है कि शहर के सौंदर्यीकरण और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से टाटा स्टील ने न्यायालय में आवेदन दिया था, जिसके आलोक में मनीफिट क्षेत्र में यह अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।

