छोटा गम्हरिया में शिवानी गोराई नामक नवविवाहिता ने फांसी लगा आत्महत्या की, पति हिरासत में
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटा गम्हरिया पंचायत के निर्मल पथ, रोड संख्या 6 में बीते बुधवार की दोपहर शिवानी गोराई नामक एक महिला द्वारा पंखे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई। परिजनों द्वारा इस बावत तत्काल गम्हरिया पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही दलबल के साथ मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी रामचंद्र रजक ने पूरे घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना की जानकारी मिलते ही महिला के मायके पक्ष के लोग भी पहुंचे। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मृतका के पिता मंतोष गोराई ने आवेदन में बताया है कि उनकी पुत्री की शादी बीते 26 नवंबर 2025 को गम्हरिया निवासी आशीष गोराई, पिता सुभाष गोराई के साथ हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आवेदन के अनुसार बीते 3 मार्च 2026 को बेटी ने फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने की सूचना दी थी। 4 मार्च को दोपहर करीब साढ़े बारह बजे जब परिजन ससुराल पहुंचे तो युवती पंखे से लटकी हुई मृत अवस्था में मिली। परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या है। मृतका के पिता ने पति आशीष गोराई, ससुर सुभाष गोराई, सास सुप्रिया गोराई और अन्य ससुराल पक्ष के सदस्यों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मृतका के पति आशीष गोराई को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

