राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में टाटा सन्स के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने झारखंड में नए निवेश की घोषणा की। उन्होंने कहा कि टाटा समूह राज्य में नई टेक्नोलॉजी आधारित निवेश करेगा और इसके लिए सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि टाटा समूह ने अपने औद्योगिक सफर की शुरुआत झारखंड से की थी और राज्य के विकास में उसका अहम योगदान रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह साझेदारी आगे और मजबूत होगी।
चेयरमैन चंद्रशेखरन ने कहा कि राज्य में निवेश अनुकूल माहौल तैयार हो रहा है। नॉलेज बेस्ड इंडस्ट्री स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार के साथ मिलकर योजना बनाई जाएगी। टाटा स्टील और टाटा मोटर्स समेत समूह की इकाइयों में नई टेक्नोलॉजी पर बड़ा निवेश होगा, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और प्रदूषण नियंत्रण को बढ़ावा मिलेगा। हाइड्रोजन बेस्ड वाहन निर्माण की दिशा में भी पहल की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि सीएसआर का दायरा और राशि बढ़ाई जाएगी तथा राज्य के युवाओं के कौशल विकास में टाटा समूह सरकार का साझेदार बनेगा, ताकि उन्हें आधुनिक उद्योगों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जा सके।

