रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
बीको मोड़ स्थित बेबको कंपनी के समीप अपने हक और अधिकार की मांग को लेकर पिछले तीन दिनों से शांतिपूर्ण धरना दे रहे मजदूरों पर असामाजिक तत्वों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार 10–15 की संख्या में पहुंचे गुंडा प्रवृत्ति के लोगों ने अचानक धरनास्थल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस कायरतापूर्ण हमले में कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ लहूलुहान अवस्था में जमीन पर गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मजदूरों का आरोप है कि हमला करने वाले सभी लोग कंपनी गेट की ओर से निकले थे, जिससे पूरे प्रकरण में कंपनी प्रबंधन की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है। उनका कहना है कि यदि यह आरोप सत्य साबित होता है, तो यह न केवल श्रमिकों के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन होगा, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी सीधा आघात माना जाएगा। मजदूरों ने स्पष्ट कहा कि शांतिपूर्ण धरना देना हर नागरिक और श्रमिक का अधिकार है तथा अपनी जायज मांगों को उठाना कोई अपराध नहीं है। घटना के विरोध में मजदूरों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि डराने-धमकाने और मारपीट कर आंदोलन को दबाने की कोशिश बेहद निंदनीय और शर्मनाक है। इस संबंध में आदित्यपुर थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज करा दी गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। मजदूर संगठनों ने चेतावनी दी है कि अन्याय और शोषण के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

