होली पर्व को लेकर केंद्रीय शांति समिति की बैठक संपन्न, शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: होली पर्व को लेकर समाहरणालय परिसर के एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, जामताड़ा ने की। बैठक में होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं मर्यादित ढंग से मनाने पर विशेष जोर दिया गया।
उपायुक्त ने जिलेवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली को हुड़दंग के रूप में नहीं बल्कि संयम और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि रमजान का महीना भी चल रहा है, ऐसे में सभी समुदायों को एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्व मनाना चाहिए। सोशल मीडिया के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि बिना सत्यापन के किसी भी भड़काऊ या अफवाहयुक्त पोस्ट को साझा न करें, प्रशासन सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखे हुए है और नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि होली के अवसर पर ड्राई डे रहेगा तथा शराब की खरीद-बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जबरन रंग लगाने, हुड़दंग, छेड़खानी एवं अश्लील गीतों पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस गश्त बढ़ाने, स्वास्थ्य सेवाओं, अग्निशमन व्यवस्था, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि होली के दौरान जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे, सीसीटीवी व क्यूआरटी के माध्यम से निगरानी की जाएगी। अंत में सभी सदस्यों ने होली पर्व को शांति, सौहार्द और हर्षोल्लास के साथ मनाने का संकल्प लिया।

