अल्पसूचित प्रश्न में उठा ईचागढ़ में लिफ्ट सिंचाई का मुद्दा उठाया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान अल्पसूचित प्रश्न के माध्यम से क्षेत्र में लिफ्ट सिंचाई योजना का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सरकार से पूछा कि कृषि बाहुल्य ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में अब तक लिफ्ट सिंचाई की व्यवस्था क्यों नहीं की गई है।
सरकार ने अपने जवाब में स्वीकार किया कि ईचागढ़ क्षेत्र में वर्तमान में लिफ्ट सिंचाई की कोई संचालित योजना नहीं है। जवाब में बताया गया कि मैसाड़ा सुवर्णरेखा डैम से 15 किलोमीटर तक लिफ्ट सिंचाई के जरिए 50 गांवों, सुवर्णरेखा डैम से नीमडीह प्रखंड के ओड़िया तक 10 किलोमीटर के दायरे में 20 गांवों, आमटांड नदी से काशीडीह होते हुए घाटशिला कांडरबेड़ा तक छह किलोमीटर क्षेत्र तथा चांडिल बांध से नीमडीह व कुकड़ू प्रखंड के कुल 22 पंचायतों को मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना का लाभ फिलहाल नहीं मिल रहा है।
सरकार ने यह भी जानकारी दी कि सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह व कुकड़ू प्रखंड तथा पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा व बोडाम प्रखंड के अपेक्षाकृत ऊंचे भू-भाग में स्थित 26,344 हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भूमिगत पाइपलाइन के माध्यम से नीमडीह-कुकड़ू मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना और पटमदा-बोडाम मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

