50% से कम बैंक खाते वाले विद्यालयों पर सख्ती, बीआरसी करमाटांड़ में समीक्षा बैठक
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: बीईईओ सर्किल मरांडी की अध्यक्षता व बीपीओ सावित्री किस्कू के संचालन में हुई बैठक
करमाटांड़ (जामताड़ा): प्रखण्ड संसाधन केन्द्र, करमाटांड़–विद्यासागर में प्रखण्ड स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सर्किल मरांडी ने की, जबकि संचालन बी.पी.ओ. सावित्री किस्कू द्वारा किया गया।
बैठक में कक्षा 01 से 08 तक के सभी छात्र-छात्राओं का शत-प्रतिशत बैंक खाता खुलवाने की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि प्रखण्ड के कई विद्यालयों में बैंक खाते की उपलब्धता 50 प्रतिशत से भी कम है, जो अत्यंत चिंताजनक है।
सत्र समाप्ति के निकट होने के कारण बैंक खाते के अभाव में छात्र-छात्राएं विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं। इस पर अधिकारियों ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने सभी संबंधित प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे शेष छात्रों का बैंक खाता शीघ्र खुलवाकर उसकी अद्यतन सूची एवं प्रतिवेदन बीआरसी करमाटांड़ में जमा करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उपायुक्त, जामताड़ा द्वारा इसकी निरंतर समीक्षा की जा रही है तथा कार्य में लापरवाही या शिथिलता बरतने वाले विद्यालयों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।

