सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, बोले “मोदी से पूरी दुनिया डरती है”
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नई दिल्ली/गोड्डा:निशिकांत दुबे ने एक निजी समाचार चैनल को दिए इंटरव्यू में कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जब वह संसद में खड़े होते हैं तो कांग्रेस की स्थिति कमजोर हो जाती है। दुबे ने प्रधानमंत्री मोदी को विश्व स्तर का नेता बताते हुए कहा कि “मोदी हमारे नेता हैं, उनसे पूरी दुनिया डरती है।”
नेहरू और देश विभाजन पर बयान
सांसद ने देश के विभाजन के लिए पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि संसद में उन्होंने जो भी बातें कहीं, वह इतिहास की किताबों में दर्ज तथ्यों पर आधारित हैं और जरूरत पड़ी तो वह “100 बार भी वही बात दोहराएंगे।”
राहुल गांधी पर व्यक्तिगत टिप्पणी
दुबे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को “अर्बन नक्सल” बताते हुए कहा कि “जो अपने परिवार और पार्टी को नहीं संभाल सकते, वे देश क्या संभालेंगे।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “जो शीशे के घर में रहते हैं, वे पत्थर नहीं फेंका करते।”
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी से बेहतर नेतृत्व क्षमता प्रियंका गांधी में है।
झारखंड सरकार पर भी बोला हमला
सांसद ने झारखंड सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा है कि राज्य सरकार ने उनके खिलाफ खड़े होने के लिए 60 से 70 करोड़ रुपये तक खर्च किए और मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। उन्होंने कहा कि “माननीय अदालत ने उन्हें आईना दिखा दिया है।”
दुबे के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और कांग्रेस की ओर से प्रतिक्रिया आने की संभावना जताई जा रही है।

