रिंकू सिंह ने तेज किया जनसंपर्क, समाजसेवियों का मिला आशीर्वाद व समर्थन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह ने जनसंपर्क अभियान को तेज करते हुए क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्हें प्रतिष्ठित समाजसेवी पप्पू सिंह व नूतन सिंह का पहले ही आशीर्वाद व समर्थन प्राप्त हो चुका था, वहीं शुक्रवार को समाजसेवी बड़े लाल दुबे एवं उनकी पत्नी अर्चना दुबे ने भी रिंकू सिंह को समर्थन देने की घोषणा की। नूतन सिंह ने पूर्व घोषणा के अनुरूप अध्यक्ष पद की दावेदारी से नाम वापस लेकर रिंकू सिंह के प्रति समर्थन दोहराया।
जनसंपर्क के दौरान रिंकू सिंह ने पवट मोहल्ला, तापड़िया कॉम्पलेक्स, दुबे मोहल्ला, नया बाजार, चौक बाजार, मारवाड़ी पाड़ा रोड सहित कई क्षेत्रों में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। स्थानीय लोगों ने पानी, बिजली, साफ-सफाई, जलजमाव व जाम जैसी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इस पर रिंकू सिंह ने कहा कि समाजसेवा उनके संस्कारों का हिस्सा है और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही उनका लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, नियमित साफ-सफाई, मच्छर नियंत्रण, जाम से मुक्ति, पार्किंग व्यवस्था, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना उनकी प्राथमिकता होगी। जनसंपर्क के दौरान महिलाओं द्वारा सिंदूर व खोइंछा देकर स्वागत किए जाने से माहौल उत्साहपूर्ण रहा। लोगों ने उनके विजन व मिशन पर भरोसा जताते हुए जीत का आशीर्वाद दिया।

