निकाय चुनाव 2026: मानगो में मेयर पद पर सन्नाटा, जुगसलाई में अध्यक्ष पद का पहला नामांकन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।झारखंड में निकाय चुनाव 2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन सोमवार को मानगो नगर निगम में मेयर पद के लिए अब तक एक भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। जबकि नामांकन की अंतिम तिथि में अब केवल दो दिन शेष हैं, इसके बावजूद मेयर पद को लेकर सन्नाटा बना हुआ है।

सोमवार को मेयर पद की संभावित प्रत्याशी जेबा खान पूरे तामझाम और समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचीं, लेकिन मानगो क्षेत्र में लगे भीषण जाम के कारण उन्हें नामांकन स्थल पर प्रवेश करने में देरी हुई। तय समय में प्रवेश नहीं मिल पाने के कारण उनकी सारी तैयारियां धरी की धरी रह गईं और उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। संभावना जताई जा रही है कि जेबा खान मंगलवार को पुनः नामांकन दाखिल करेंगी।
वहीं दूसरी ओर जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में चुनावी माहौल गर्म होने लगा है। सोमवार को अध्यक्ष पद के लिए पहला नामांकन नीलोफर हुसैन ने दाखिल किया। उनके नामांकन के साथ ही जुगसलाई क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन के दौरान उनके समर्थकों की अच्छी-खासी मौजूदगी देखी गई।
नामांकन के बाद नीलोफर हुसैन ने कहा कि क्षेत्र का विकास, साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और जनसमस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगी।
इधर मानगो नगर निगम क्षेत्र में अध्यक्ष पद के लिए भी अभी तक किसी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया है, हालांकि राजनीतिक गलियारों में संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। प्रशासन की ओर से नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आने वाले दिनों में नामांकन के साथ चुनावी माहौल और अधिक गर्माने की संभावना जताई जा रही है।

