कदमा में दो मासूम बच्चों संग महिला रहस्यमय ढंग से लापता, परिजनों में मचा हड़कंप
राष्ट्र संवाद संवाददाता अमन ओझा
जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिले के कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामजन्म नगर रोड नंबर की रहने वाली लैला कुमारी अपने दो छोटे बच्चों के साथ गुरुवार शाम करीब 4 बजे से लापता हैं। पीड़िता के पति मुकेश कुमार साव ने पहले अपने स्तर से रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन महिला और बच्चों के संबंध में कोई भी ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी। इसके बाद उन्होंने कदमा थाना पहुंचकर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
परिजनों ने बताया कि लैला कुमारी बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने का कार्य करती थीं और गुरुवार को भी वह ट्यूशन पढ़ाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। महिला के साथ उनके दोनों छोटे बच्चे आर्यन कुमार और हर्षित कुमार भी लापता हैं, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है। काफी तलाश के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो शुक्रवार को कदमा थाना में इस मामले को लेकर विधिवत गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया। परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द लैला कुमारी और दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला और बच्चों की तलाश तेज कर दी है तथा संभावित सभी स्थानों और पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुट गई है।

