77वें गणतंत्र दिवस पर गोपाल मैदान में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने किया झंडोतोलन, विकास उपलब्धियों का किया विस्तार से उल्लेख
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी श्री कर्ण सत्यार्थी ने झंडोतोलन कर परेड की सलामी ली और जिलावासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान सहित जिला प्रशासन व पुलिस के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह में परेड एवं झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं। परेड में जिला महिला पुलिस को प्रथम, झारखंड सशस्त्र पुलिस (पुरुष) को द्वितीय तथा जिला पुलिस (DAP) को तृतीय स्थान मिला। झांकी प्रतियोगिता में परिवहन विभाग प्रथम, शिक्षा विभाग द्वितीय और समाज कल्याण विभाग तृतीय स्थान पर रहा। विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शौर्य चक्र से सम्मानित जूनियर वारंट ऑफिसर मो. जावेद, सेना मेडल से सम्मानित हवलदार रघुनाथ हांसदा सहित झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों को नमन करते हुए कहा कि जिला प्रशासन समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्ध है।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, आजीविका, समाज कल्याण, खाद्य सुरक्षा, आईटीडीए तथा कृषि-पशुपालन के क्षेत्र में जिले की प्रमुख उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक मापदंड अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन है।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक सहित सभी वरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों में झंडोतोलन किया। जिले के सभी प्रखंडों, सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं गैर सरकारी संस्थाओं में भी झंडोतोलन कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। पूरे जिले में राष्ट्रीय पर्व उत्साह और गर्व के साथ मनाया गया।

