पुलिस इंस्पेक्टर मिनहाज आलम की अध्यक्षता में सरस्वती पूजा को लेकर बागडेहरी थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: आगामी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर बागडेहरी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता कुंडहित सर्किल के पुलिस इंस्पेक्टर मिनहाज आलम ने की, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य लोग एवं विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पूजा आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस एवं विसर्जन मार्ग, समय-सीमा तथा आपसी समन्वय पर जोर दिया गया। वही थाना प्रभारी प्रदीप राना ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, अशांति या नियम उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी पूजा समितियों को प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया।
इस अवसर पर क्षेत्र के सभी पूजा समिति के अध्यक्ष व सदस्य, शांति समिति के सदस्य, समाजसेवी, प्रबुद्ध नागरिक, जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी से अपील की गई कि आपसी भाईचारे और सहयोग के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी समस्या की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दें।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पूजा के दौरान पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाएगी। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।

