डीजे की तेज आवाज बनी हिंसा की वजह, डिमना डैम पर दो गुटों में चाकूबाजी व बोतल से हमला
राष्ट्र संवाद संवाददाता अमन ओझा
जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिले में बोड़ाम थाना अंतर्गत डिमना डैम क्षेत्र में रविवार देर शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते जमकर मारपीट में बदल गया, जिसमें हाथापाई के साथ चाकूबाजी की घटना भी सामने आई। इतना ही नहीं, एक युवक पर बियर की बोतल से हमला किए जाने की बात भी सामने आई है।
घटना में एक पक्ष से विश्वजीत दास, विश्वजीत राय और सूरज सिंह घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष से नदीम आलम को चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलने के बाद बोड़ाम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मौके से डीजे जब्त कर लिया है। घायलों ने बताया कि वे डिमना लेक पर डीजे बजा रहे थे, इसी दौरान डीजे की आवाज तेज करने को लेकर दोनों पक्षों में प्रतिस्पर्धा शुरू हो गई, जो बाद में हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दोषियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

