चांडिल–जमशेदपुर मार्ग पर अपहृत उद्योगपति की कार लावारिस हालत में बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 जमशेदपुर–रांची मार्ग पर उस समय हड़कंप मच गया जब कांडरबेड़ा स्थित सिल्वर सैंड होटल रिसॉर्ट के सामने पुलिस को एक सफेद रंग की लावारिस कार खड़ी लगभग दिन 12.30 बजे मिली।
सूचना मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी दिलशान बिरुवा मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान सामने आया कि कार का नंबर *JH 05 EB 2161* है, जो जमशेदपुर के बिष्टुपुर निवासी उद्योगपति कैरव गांधी की बताई जा रही है। मौके पर पहुंची जमशेदपुर पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर बिष्टुपुर थाना को सौंप दिया है।
*घर से आदित्यपुर के लिए निकले, फिर लापता*
थाना प्रभारी के अनुसार उद्योगपति कैरव गांधी बिष्टुपुर स्थित आवास से आदित्यपुर के लिए निकले थे, लेकिन इसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला। मोबाइल की आखिरी लोकेशन सोनारी क्षेत्र में ट्रेस की गई थी। अनुसंधान के क्रम में उनकी कार चांडिल थाना क्षेत्र में बरामद होना मामले को और भी रहस्यमय बना रहा है
*अपहरण की आशंका, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी*
लावारिस हालत में कार मिलने के बाद अपहरण की आशंका गहराती जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स और संभावित रूट की बारीकी से जांच कर रही है।
*हालिया अपहरण मामला भी आया था सामने*
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह झामुमो जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू के अपहरण का मामला सामने आया था, हालांकि पुलिस ने महज 5 घंटे के भीतर उन्हें सकुशल बरामद कर लिया था। ऐसे में एक बार फिर अपहरण की घटना ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन अनुसंधान में जुटी हुई है, और उद्योगपति की सुरक्षित बरामदगी को लेकर हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
संसद सह सुरक्षा मंत्री संजय सेठ ने डीजीपी से अविलंब सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए है.

