कुशपुतुल सिरका रोड साइड मकर संक्रांति टुसु मेला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल । नीमडीह प्रखंड अंतर्गत कुशपुतुल सिरका रोड साइड मकर संक्रांति टुसु मेला का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। मेले में क्षेत्रीय लोकसंस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली, जहां टुसु प्रतियोगिता और पारंपरिक नृत्य-गीतों ने दर्शकों को खूब आनंदित किया।
टुसु प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹5,001, द्वितीय पुरस्कार ₹3,001 तथा तृतीय पुरस्कार ₹2,001 प्रदान किया गया। निर्णायक मंडली के निर्णय का उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम में रघु डांस ग्रुप, जमशेदपुर के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक पारंपरिक और डांस धमाका प्रस्तुत कर समां बांध दिया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुति पर दर्शक झूमते नजर आए। गीत-संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे मेला परिसर को उत्सवमय बना दिया।
मेले को देखने के लिए आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मकर संक्रांति जैसे सांस्कृतिक पर्व पर आयोजित इस मेले ने सामाजिक एकता और परंपराओं को सहेजने का संदेश दिया।
मेले के सफल आयोजन में मेला कमेटी की भूमिका सराहनीय रही। मुख्य संयोजक समीर कुमार महतो के नेतृत्व में समिति के सदस्यों प्रवीण महतो, गुरुपद महतो, दिवाकर सिंह, सहदेव महतो एवं रूपेन महतो ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। आयोजन की सफलता पर ग्रामीणों ने मेला कमेटी को बधाई दी।

