बारीडीह बाजार में रात का कहर, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दुकानों को रौंदा
राष्ट्र संवाद संवाददाता अमन ओझा
जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिले के बारीडीह बाजार में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने बाजार में भारी तबाही मचा दी। तेज रफ्तार वाहन सीधे दुकानों में जा घुसा, जिससे कई दुकानें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर लगा बिजली का पोल भी टूटकर गिर गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दुकानों के भीतर रखा कीमती सामान सड़क पर बिखर गया। घटना देर रात की होने के कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आर्थिक नुकसान भारी बताया जा रहा है। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो उजड़ी दुकानों और बिखरे सामान को देखकर सन्न रह गए। घटना की जानकारी मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों तक पहुंचने का प्रयास जारी है।

