मानगो गोलचक्कर के पास दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत, पत्नी गंभीर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।
जमशेदपुर के मानगो गोलचक्कर के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में अनियंत्रित चेचिस वाहन ने बाइक सवार दंपति को कुचल दिया। इस हादसे में बाइक चला रहे मानगो निवासी लाला विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी नीलम शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार चेचिस वाहन ने पहले बाइक को जोरदार टक्कर मारी और फिर दंपति को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
हादसे की भयावहता से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घटना के समय मौके पर पुलिस मौजूद थी, इसके बावजूद इस तरह की दुर्घटना होना पुलिस प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। हादसे के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखा गया और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए।
सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में सड़क सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

