जमशेदपुर में कैनाइन खेलों का महाकुंभ शुरू, 79वीं से 81वीं चैंपियनशिप डॉग शो का उद्घाटन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जमशेदपुर केनेल क्लब (JKC) द्वारा आयोजित 79वीं, 80वीं और 81वीं वार्षिक चैंपियनशिप डॉग शो का भव्य शुभारंभ गुरुवार को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के तीरंदाजी मैदान में हुआ। तीन दिवसीय यह आयोजन 9 से 11 जनवरी 2026 तक चलेगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी टी. वी. नरेंद्रन ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन जमशेदपुर के लिए गौरव की बात हैं।
डॉग शो में 43 नस्लों के 326 कुत्ते भाग ले रहे हैं। इसमें तिब्बती मास्टिफ, चाउ-चाउ, डोगो अर्जेंटिनो जैसी विदेशी नस्लों के साथ-साथ कारवां हाउंड, मुधोल हाउंड और राजा पालयम जैसी भारतीय नस्लें भी आकर्षण का केंद्र हैं।
आयोजन के दौरान आज्ञाकारिता परीक्षण, लैब्राडोर व बीगल स्पेशलिटी शो सहित सभी नस्लों की चैंपियनशिप प्रतियोगिताएं होंगी। इस वर्ष जमशेदपुर के पालतू कुत्तों और स्थानीय प्रशिक्षकों को विशेष सम्मान दिया जाएगा।

