पश्चिमी सिंहभूम में ‘सीरियल किलर’ हाथी का कहर, दो और लोगों की मौत, वन विभाग द्वारा खूनी हाथी को घेरे जाने का दावा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में दंतैल हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। मझगांव प्रखंड अंतर्गत झारखंड, ओडिशा सीमा से सटे बेनीसागर ब्लॉक में मझगांव पेट्रोल पंप के पास हाथी के हमले में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 40 वर्षीय प्रकाश मालवा (निवासी बेनीसागर) और एक नाबालिग बच्चा शामिल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे उग्र हाथी ने दोनों को पटक-पटककर मार डाला और घटना के बाद कुछ देर तक नाबालिग के शव के पास ही खड़ा रहा। सूचना मिलते ही वन विभाग और मझगांव थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह में हाथी के हमलों में अब तक 21 लोगों की जान जा चुकी है, जिससे वन्यजीव व मानव संघर्ष की गंभीरता उजागर हुई है। लोगों में भय व्याप्त है और प्रशासन से त्वरित सहायता व स्थायी समाधान की मांग की जा रही है।
इधर, बेनीसागर के पास वन विभाग और बंगाल से आई स्पेशल टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से हाथी को घेर लिया है। उसे ट्रैंक्यूलाइज करने के प्रयास जारी हैं। इस दौरान हाथी के हमले में स्पेशल टीम का एक कर्मी घायल हो गया, जिसका इलाज स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मझगांव के सीओ और पुलिस बल तैनात हैं। एक से डेढ़ किलोमीटर के दायरे में लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। वन विभाग ने बताया कि हाथी का सटीक लोकेशन मिल गया है और जल्द ही उसे सुरक्षित क्षेत्र में स्थानांतरित किया जाएगा।
लगातार घटनाओं के बाद प्रधान मुख्य वन संरक्षक आशुतोष उपाध्याय और क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक स्मिता पंकज प्रभावित क्षेत्र में कैंप कर रहे हैं। अधिकारियों ने क्विक रिस्पांस टीम को अलर्ट रखने और रात में गश्ती व चेतावनी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

